Sonbhadra News: हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा, मुख्य आरोपी अभय पाल गिरफ्तार.
पुलिस ने वांछित अभियुक्त अभय पाल को घोरावल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। 8 दिसंबर 2025 को ट्रक से टक्कर मारकर राजेश यादव की हत्या की गई थी। जांच में सामने आया कि यह रंजिशन रची गई साजिश थी।पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और कार्रवाई जारी है।
sonbhadra
4:14 PM, Apr 17, 2026
Share:


सड़क हादसा जांच में सुनियोजित हत्या निकली, आरोपी गिरफ्तार।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घोरावल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की गई हत्या के मामले में फरार चल रहे शातिर अभियुक्त अभय पाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को गुरेठ मोड़ के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। अभय पाल, निवासी रॉबर्ट्सगंज, ट्रक चालक है और लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना 8 दिसंबर 2025 की है, जब घोरावल खुटहा बाईपास पर एक ट्रक ने क्रेटा कार को टक्कर मार दी थी, जिसमें कार चालक राजेश यादव की मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना प्रतीत हुआ, लेकिन विवेचना के दौरान पुलिस को यह एक सुनियोजित हत्या का मामला मिला। जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में मंगल पाल के 9 वर्षीय पुत्र अनुराग पाल का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी, जिसमें राजेश यादव मुख्य आरोपी था। इस मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद राजेश यादव को मारने की साजिश रची गई। इसी रंजिश के चलते मंगल पाल ने अपने रिश्तेदार अभय पाल और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि योजना के तहत एक पुरानी ट्रक खरीदी गई और घटना वाले दिन खुटहा बाईपास पर पहले से घात लगाकर इंतजार किया गया। जैसे ही राजेश यादव अपनी कार से वहां पहुंचा, अभय पाल ने ट्रक से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ फरार हो गया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने इस खुलासे को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
