Sonbhadra News: वैष्णो मंदिर के पास कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलटी, चालक केबिन में फंसकर हुआ घायल.
चोपन थाना क्षेत्र के बाड़ी में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे कोयला लोड ट्रेलर पलट गया। घटना वैष्णो मंदिर के पास एसएसएस होटल के सामने हुई। तेज रफ्तार के कारण डायवर्सन पर वाहन अनियंत्रित हो गया। पीआरवी टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को केबिन से बाहर निकाला। घायल चालक को एम्बुलेंस से सीएचसी चोपन भेजा गया।
sonbhadra
2:02 PM, Apr 17, 2026
Share:


रेलवे ओवर ब्रीज़ क्षतिग्रस्त होने के बाद डायवर्सन किया गया रोड हुआ खतरनाक।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: आर. एन पाण्डेय, डाला।
सोनभद्र।
विज्ञापन
चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत डाला पुलिस चौकी के बाड़ी स्थित वैष्णो मंदिर के समीप शुक्रवार तड़के वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कोयला लोड एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर पहुंची डायल 112 पीआरवी टीम ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन भेजवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब तीन बजे की है। ट्रेलर वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर हाथीनाला की ओर से आ रहा था। बाड़ी स्थित वैष्णो मंदिर के पास बने डायवर्सन मार्ग पर चालक ने वाहन मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तेज गति के कारण ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। वाहन सड़क किनारे स्थित एक पुलिया से टकराते हुए एसएसएस होटल के सामने पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक केबिन में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एम्बुलेंस की सहायता से उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान पर लंबे समय से डायवर्सन बना हुआ है, जो अब हादसों का कारण बनता जा रहा है। रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होने के बाद यह डायवर्सन बनाया गया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत और आईजीआरएस के माध्यम से भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वैष्णो मंदिर में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क और ओवरब्रिज की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
