Chandauli News: गौ-तस्करों का मददगार निकला यूपी पुलिस का सिपाही, भ्रष्टाचार केस में गिरफ्तार.
"पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिस विभाग से ही क्यों न जुड़ा हो।"
chandauli
5:27 PM, Apr 13, 2026
Share:


पुलिस द्वारा पकड़ा गया सस्पेंड सिपाही सुरेंद्र यादव
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस विभाग की छवि को झटका देने वाला बड़ा मामला सामने आया है। गौ-तस्करों की मदद करने के आरोप में एक आरक्षी को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले से ही भ्रष्टाचार के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही जांच के दौरान थाना इलिया में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों (मोबाइल चैट व कॉल डिटेल) के आधार पर आरक्षी सत्येन्द्र यादव का नाम सामने आया।
आरोपी मूल रूप से अंबेडकरनगर का रहने वाला है और वर्तमान में चकरघट्टा थाने में तैनात था, हालांकि वह निलंबित चल रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि आरक्षी तस्करों को पुलिस की गतिविधियों, गश्त, लोकेशन और सुरक्षित रास्तों की जानकारी देता था, जिससे गौ-तस्करी को आसानी से अंजाम दिया जा सके। इसके बदले वह ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से मोटी रकम वसूलता था। पुलिस टीम ने 12 अप्रैल की शाम अंबेडकरनगर के पलई बाजार से उसे गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले से ही थाना सैयदराजा में दर्ज भ्रष्टाचार के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के अनुसार यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क होने की आशंका है। ऐसे में अब इस पूरे रैकेट की गहन जांच शुरू कर दी गई है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
गौ-तस्करी पर पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में गौ-तस्करी से जुड़े 162 मुकदमों में 410 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें 1297 गौवंश, 90 किलो गोमांस और 178 वाहन बरामद किए गए। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 46 मुकदमों में 127 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 345 गौवंश और 55 वाहन बरामद किए जा चुके हैं।
